श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई महेश नवमी

कुंभराज में निकली भव्य शोभायात्रा

श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई महेश नवमी

गुना। अनंत न्यूज़

नगर में माहेश्वरी समाज के आराध्य देव भगवान महेश का जन्मोत्सव 'महेश नवमी' श्रद्धा, उल्लास और सामाजिक सरोकार के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महिला मंडल द्वारा आयोजित दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही, जिसकी शुरूआत विगत शाम से हुई। उत्सव के मुख्य आकर्षण के रूप में भगवान महेश की एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें माहेश्वरी समाज के सभी वर्गों के महिला-पुरुषों और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शोभायात्रा के पश्चात भगवान की महाआरती की गई।

शाम के समय आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक महेश वंदना के साथ हुआ। इस दौरान समाज द्वारा उन प्रतिभावान बच्चों का विशेष रूप से सम्मान किया गया, जिन्होंने विद्यालय और महाविद्यालयीन स्तर की परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर समाज का गौरव बढ़ाया है। महिला संगठन की जिला अध्यक्ष रूपाली कासट द्वारा इन सफल बच्चों को मेडल प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम की सफलता में समयबद्धता और सबको साथ लेकर चलने की भावना की सराहना की गई। माहेश्वरी समाज के सचिव संदीप राठी द्वारा किए गए कुशल मंच संचालन ने कार्यक्रम में समां बांध दिया, जिसकी सभी ने प्रशंसा की। इस दौरान मंच पर समाज के सभी मुख्य पदाधिकारी आसीन रहे। कार्यक्रम के अंतिम चरण में भगवान महेश की सामूहिक आरती की गई और इसके पश्चात सुरुचिभोज (भोज प्रसादी) के साथ दो दिवसीय भव्य जन्मोत्सव कार्यक्रम का विधि-विधान से समापन हुआ।