“पेड़ लगाओ, जल बचाओ” के संकल्प के साथ ‘पर्यावरण संवाद’ कार्यक्रम संपन्न

“पेड़ लगाओ, जल बचाओ” के संकल्प के साथ ‘पर्यावरण संवाद’ कार्यक्रम संपन्न

अनंत न्यूज़ @गुना। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए 10 अप्रैल 2026 को होटल राजश्री में “पर्यावरण संवाद” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के अखिल भारतीय सह-संयोजक आदरणीय राकेश जी जैन शामिल हुए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता तात्या टोपे विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. किशन यादव ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व कुलगुरु डॉ. ओमप्रकाश अग्रवाल एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक अशोक सिंह उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्वलन और तुलसी पूजन के साथ हुआ। मुख्य वक्ता राकेश जी जैन ने अपने उद्बोधन में पर्यावरण संरक्षण को ईश्वरीय कार्य बताते हुए कहा कि यह सेवा किसी और की नहीं, बल्कि स्वयं की है। उन्होंने “पेड़ लगाओ, जल बचाओ, पॉलिथिन हटाओ” का संदेश देते हुए सभी नागरिकों से सक्रिय भागीदारी की अपील की।

अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. किशन यादव ने पर्यावरण संरक्षण की वर्तमान समय में बढ़ती आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं डॉ. ओमप्रकाश अग्रवाल ने भी अपने विचार साझा करते हुए पर्यावरण संतुलन बनाए रखने की जिम्मेदारी समाज के प्रत्येक व्यक्ति की बताई।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे। अंत में विभाग पर्यावरण संयोजक अमित गोयल ने सभी को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम का संचालन जिला संयोजक अभयराज रघुवंशी द्वारा किया गया।