पुलिस अंदर चली गई, बाहर दौड़कर छात्रों ने फूंक दिया पुतला
नीट परीक्षा के विरोध में एनएसयूआई ने किया प्रदर्शन
गुना। नीट परीक्षा में हुई कथित धांधली और पेपर लीक के विरोध में छात्र संगठन एनएसयूआई ने गुना के प्रधानमंत्री कॉलेज आॅफ एक्सीलेंस के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने न केवलोंस कॉलेज के अंदर जमकर नारेबाजी की, बल्कि पुलिस की घेराबंदी को चकमा देते हुए कॉलेज गेट के बाहर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला भी फूंक दिया।
प्रदर्शन के दौरान पीजी कॉलेज और एक्सीलेंस कॉलेज परिसर में भारी पुलिस बल तैनात था। पुलिस प्रदर्शनकारियों को कॉलेज गेट के बाहर रोकने की तैयारी में ही थी कि छात्र संगठन के कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए परिसर के अंदर तक जा पहुंचे। इससे पहले कि पुलिस स्थिति को पूरी तरह संभाल पाती, कार्यकर्ताओं ने दौड़कर गेट के बाहर पुतला जला दिया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष फलेशुराज सिसोदिया के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन के दौरान सरकार पर तीखे हमले किए गए। छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा के शासनकाल में पिछले 7 वर्षों में लगभग 70 परीक्षाओं के पेपर या तो लीक हुए हैं या उन्हें निरस्त करना पड़ा है। परीक्षाओं के दौरान छात्रों के साथ तो बेहद सख्ती बरती जाती है। कलावा और कान की बाली तक उतरवा ली जाती है। लेकिन पेपर माफियाओं और लीक करने वालों पर सरकार का कोई वश नहीं चलता। नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा का पेपर लीक होना लाखों मेधावी छात्र-छात्राओं के भविष्य और उनकी वर्षों की मेहनत के साथ जघन्य खिलवाड़ है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह केवल एक घोटाला नहीं बल्कि एक जघन्य अपराध है, जिसमें कहीं न कहीं सरकार की मिलीभगत नजर आती है। यही कारण है कि सरकारी भर्ती परीक्षाओं से लेकर प्रवेश परीक्षाओं तक का भविष्य अंधकार में है। एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई और छात्रों को न्याय नहीं मिला, तो यह आंदोलन और भी उग्र रूप धारण करेगा।