मोबाइल चोरी की रिपोर्ट न लिखे जाने से नाराज युवक चढ़ा गैंट्री पोल पर

कोतवाली पुलिस पर लापरवाही का आरोप

मोबाइल चोरी की रिपोर्ट न लिखे जाने से नाराज युवक चढ़ा गैंट्री पोल पर

अनंत न्यूज़ @गुना। स्थानीय श्रीराम कॉलोनी निवासी फरियादी विश्वीर सहरिया पिता भेरू सिंह सहरिया का मोबाइल फोन बुधवार शाम सदर बाजार क्षेत्र से अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिया गया। मोबाइल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने फरियादी कोतवाली थाना गुना पहुँचा, जहाँ पुलिसकर्मियों ने पहले मोबाइल का डिब्बा लाने को कहा।घर से मोबाइल का डिब्बा लाने के बाद जब फरियादी पुनः कोतवाली पहुँचा, तो पुलिसकर्मियों ने आवेदन सुबह देने की बात कहकर उसे लौटा दिया। पुलिस के इस व्यवहार से आहत और आक्रोशित फरियादी कोतवाली के पास स्थित जयस्तंभ चौराहा पर लगे गैंट्री पोल पर चढ़ गया।

घटना के बाद चौराहे पर करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। बाद में समझाइश के बाद युवक नीचे उतरा।

स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि यदि समय पर फरियादी की रिपोर्ट दर्ज कर ली जाती तो यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती। लोगों ने पुलिस प्रशासन से शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया को सरल बनाने और पीड़ितों से संवेदनशील व्यवहार करने की मांग की है।