जगनपुर चक क्षेत्र में एसडीएम के नेतृत्व में तोड़ी गई 100 फीट लंबी दीवार
जलभराव से परेशान 50 परिवारों को मिली राहत
गुना। अनंत न्यूज़
जिला प्रशासन ने गुरुवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जगनपुर चक पर अवैध तरीके से बनाई गई करीबन 100 फीट लंबी सीमेंट की बाउंड्री वॉल को ढहा दिया। गुरुवार दोपहर ढाई बजे एसडीएम के नेतृत्व में नगर पालिका का दस्ता और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और इस अवैध दीवार को तोड़ने की कार्रवाई की। अधिकारियों के मुताबिक, स्थानीय रहवासियों को हो रही भारी परेशानी और जलभराव की स्थिति को देखते हुए यह सख्त कदम उठाया गया है। इस कार्रवाई के बाद प्रभावित बस्ती के लोगों ने राहत की सांस ली है।
दरअसल, यह पूरा मामला वार्ड क्रमांक 21 स्थित जगनपुर हड्डी मिल बस्ती का है। यहाँ पीएम आवास की ओर जाने वाली सड़क के किनारे एक आरसीसी बाउंड्री वॉल का अवैध निर्माण कर लिया गया था, जिससे क्षेत्र की जल निकासी पूरी तरह ठप हो गई थी। मानसून की दस्तक के साथ ही स्थिति इतनी बदतर हो गई कि बस्ती के 50 से अधिक घरों के अंदर घुटनों तक पानी भर गया। लोगों का राशन और कीमती सामान खराब होने लगा और स्कूली बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही थी। इस समस्या से परेशान होकर बस्ती के लोगों ने पिछले दिनों कलेक्टर से गुहार लगाते हुए लिखित शिकायत सौंपी थी। कलेक्टर के निर्देश पर जब नगर पालिका की टीम पानी की निकासी के लिए अस्थाई नाली बनाने पहुंची, तो कुछ स्थानीय रसूखदारों ने इस काम का विरोध कर इसे बीच में ही रुकवा दिया था। इसके बाद हुई तेज बारिश से पूरी बस्ती दोबारा जलमग्न हो गई, जिससे रहवासियों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश पनप रहा था। चंद रसूखदारों के आगे बेबस नजर आ रहे प्रशासनिक अमले ने आखिरकार गुरुवार को मौके पर पहुंचकर इस बाउंड्री वॉल को जमींदोज कर दिया।