पंच दिवसीय आचार्य अभ्यास वर्ग का हुआ समापन, शिक्षकों को दिए आधुनिक शिक्षण के मंत्र

पंच दिवसीय आचार्य अभ्यास वर्ग का हुआ समापन, शिक्षकों को दिए आधुनिक शिक्षण के मंत्र

गुना।अनंत न्यूज़

महावीरपुरा स्थित सरस्वती शिशु एवं विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित पंच दिवसीय ‘आचार्य अभ्यास वर्ग 2026-27’ का गुरुवार को विधिवत समापन हुआ। प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य शिक्षकों के शिक्षण कौशल का विकास, आधुनिक तकनीकों की जानकारी तथा शिक्षा में नैतिक मूल्यों के समावेश को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कुल गुरु क्रांतिवीर तात्याटोपे विश्वविद्यालय प्रो. डॉ. किशन यादव ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने अपने छात्र जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि शिशु मंदिर के संस्कारों और शिक्षकों के मार्गदर्शन के कारण ही वे आज कुलगुरु के पद तक पहुंचे हैं। उन्होंने शिक्षकों से समय के अनुरूप अपनी शिक्षण शैली को अपडेट करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महेंद्र सिंह रघुवंशी ने की। वर्ग संयोजक संजय पाराशर ने पांच दिवसीय प्रशिक्षण का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जबकि प्रतिभागी आचार्यों एवं दीदियों ने अपने अनुभव साझा किए।

समापन समारोह में पं नर्मदा शंकर भार्गव, अशोक कुशवाह सहित भारत कल्याण केंद्र समिति के पदाधिकारी, विद्यालय प्रबंधन एवं प्रशिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मोनिका सक्सैना ने किया तथा आभार चंद्रशेखर कुशवाह ने व्यक्त किया।