जमीनी विवाद में हत्या करने वाला आरोपी चंद घंटों में पुलिस की गिरफ्त में
अनंत न्यूज़ @गुना। जिले के मृगवास थाना क्षेत्र के ग्राम कागलियापुरा में जमीनी विवाद को लेकर हुई हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को चंद घंटों के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को सलाखों के पीछे पहुँचाया।
घटना 04 अप्रैल 2026 की है, जब फरियादी अमरचंद भील निवासी कागलियापुरा ने पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, जमीनी विवाद के चलते गांव के ही आरोपी दिनेश भील ने उनके बेटे दीवान सिंह भील पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस गंभीर मामले में मृगवास थाना पुलिस ने धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू की थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। एसडीओपी चाचौड़ा मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी सुरेश सिंह कुशवाह ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और संभावित ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस की सक्रियता का परिणाम यह रहा कि घटना के कुछ ही घंटों बाद आरोपी दिनेश भील (28 वर्ष, निवासी कागलियापुरा) को गिरफ्तार कर लिया गया।