वन भूमि पर कब्जे को लेकर लपचोरा में विवाद

एसपी दफ्तर पहुंचे सहरिया समुदाय के लोग; पुलिसकर्मी रिश्तेदार पर रसूख के इस्तेमाल का आरोप

वन भूमि पर कब्जे को लेकर लपचोरा में विवाद
एसपी ऑफिस में आवेदन देने आए पीड़ित।

गुना।अनंत न्यूज़

बमौरी थाना क्षेत्र के ग्राम लपचोरा में वन विभाग की जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच उपजा विवाद अब गहरा गया है। शनिवार को दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिसके बाद सहरिया समुदाय के करीब 40 से 50 लोगों ने महिलाओं सहित गुना एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।

आवेदन देने वाले सहरिया समुदाय के लोगों का आरोप है कि ग्राम लपचोरा में वन विभाग की करीब 200 बीघा जमीन पर उनका पीढ़ियों से कब्जा है और वे उस पर खेती कर रहे हैं। अब दूसरा पक्ष रसूख के बल पर उनकी इस जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने की कोशिश कर रहा है। पीड़ितों का दावा है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उनके घर की महिलाओं के साथ बेरहमी से मारपीट की और उन्हें गांव में न घुसने देने की खुलेआम धमकी दी है। पीड़ित पक्ष ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि कब्जा करने की कोशिश कर रहे आरोपियों का एक नजदीकी रिश्तेदार पुलिस विभाग में तैनात है। वह अपने पद और रसूख का गलत इस्तेमाल कर पीड़ितों पर दबाव बना रहा है और आरोपियों को शह दे रहा है। शनिवार को हुए हिंसक विवाद के बाद सहमे हुए सहरिया परिवार बड़ी संख्या में जिला मुख्यालय पहुंचे और एसपी के नाम एसडीओपी विवेक अष्ठाना को आवेदन देकर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने तथा अपनी सुरक्षा की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।