मधुमक्खी हमले में मदद करने वाले डॉक्टर दंपति का स्कूल में सम्मान
अनंत न्यूज़ @गुना | शहर के प्रसिद्ध वंदना कॉन्वेंट स्कूल में आज एक भावनात्मक सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां सिद्धि विनायक हॉस्पिटल के संचालक डॉ. भूपेंद्र सिंह धाकरे और डॉ. श्रीमती सुनीता धाकरे का अभिनंदन किया गया।
दरअसल, कुछ दिन पहले स्कूल परिसर में मधुमक्खियों के अचानक हमले से कई बच्चे और शिक्षक घायल हो गए थे। इस दौरान स्कूल प्रबंधन द्वारा डॉक्टर दंपति को सूचना दी गई, जिस पर उन्होंने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर सभी घायलों का तत्काल उपचार किया और राहत पहुंचाई।
इसी मानवीय सेवा के लिए स्कूल प्रबंधन ने आज उन्हें शाल, श्रीफल और पौधे भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में स्पोर्ट्स टीचर शंकर सर और म्यूजिक टीचर सुनील शर्मा का भी विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर पुरस्कार वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें डॉक्टर दंपति ने बच्चों को सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि कोरोना काल में भी इस दंपति ने समाज सेवा और चिकित्सा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया था।
कार्यक्रम में स्कूल की प्राचार्य सिस्टर कैथरीन, उप-प्राचार्य, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।