गाय के बछड़े का कटा सिर मिलने के मामले में गौसेवकों का फूटा गुस्सा
एसपी को सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई नहीं होने पर जताई नाराजगी
गुना। शहर के औद्योगिक क्षेत्र में बीते 6 मार्च को गाय का कटा हुआ सिर मिलने की घटना को लेकर गौसेवकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी न होने से नाराज गौ सुरक्षा टीम के सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुँचकर आवेदन सौंपा और त्वरित कार्रवाई की मांग की। दरअसल, 6 मार्च को गुना के औद्योगिक क्षेत्र में गाय का कटा हुआ सिर मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में गौसेवक मौके पर एकत्र हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए कैंट थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर तो दर्ज कर ली है, लेकिन पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। गौसेवकों ने पुलिस प्रशासन पर ढुलमुल रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि ऐसी संवेदनशील घटनाओं में पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई न करना दुर्भाग्यपूर्ण है। गौ सुरक्षा टीम के सदस्यों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर सलाखों के पीछे नहीं भेजा गया, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। गुना गौ सुरक्षा टीम के सदस्य लगातार प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारियों को आवेदन देकर कार्रवाई का दबाव बना रहे हैं। गौसेवकों का कहना है कि समाज की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले ऐसे तत्वों पर सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।