गुना में नो-पार्किंग में खड़ी बसों पर यातायात पुलिस का कड़ा प्रहार

विशेष अभियान में 12 बसों से वसूला 18,000 रुपये जुमार्ना

गुना में नो-पार्किंग में खड़ी बसों पर यातायात पुलिस का कड़ा प्रहार

गुना।अनंत न्यूज़

 पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए निरंतर जागरूकता और दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मान सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं डीएसपी यातायात मुकेश कुमार दीक्षित के पर्यवेक्षण में यातायात थाना प्रभारी अजय प्रताप सिंह द्वारा शहर में एक विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान एक्सीलेंट स्कूल, जय स्तंभ चौराहा, हनुमान चौराहा और जज्जी बस स्टैंड जैसे प्रमुख स्थलों पर नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़ी 12 बसों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए 18,000 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। अभियान के दौरान बस संचालकों और चालकों को कड़े निर्देश दिए गए कि वे निर्धारित बस स्टैंड के अलावा शहर में कहीं भी अवैध रूप से वाहन खड़े न करें। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि अनियंत्रित पार्किंग से न केवल जाम की स्थिति निर्मित होती है, बल्कि आम नागरिकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। थाना प्रभारी ने बस आॅपरेटर्स से अपील की है कि वे शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करें। पुलिस द्वारा यह भी चेतावनी दी गई है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि सुरक्षित और सहज आवागमन सुनिश्चित किया जा सके।