युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर का गुना में भव्य स्वागत, बैठक में युवाओं को दिया संदेश
गुना। अनंत न्यूज़
भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर का गुना आगमन पर कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। अपने प्रथम गुना प्रवास के दौरान उन्होंने युवा मोर्चा के जिला एवं मंडल पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित किया।
श्याम टेलर ने कहा कि युवा मोर्चा का उद्देश्य केवल संगठन को मजबूत करना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाना भी है। उन्होंने युवाओं को राजनीति के माध्यम से जनसेवा के लिए आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसा दल है, जहां सामान्य परिवार से आने वाले युवाओं को भी आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिलते हैं। उन्होंने स्वयं का उदाहरण देते हुए कहा कि बिना किसी राजनीतिक पृष्ठभूमि के उन्हें पार्टी ने सर्वोच्च पद पर सेवा का अवसर दिया।
कांग्रेस पर साधा निशाना
नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर टेलर ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह केवल एक बिल नहीं, बल्कि बहनों की उम्मीदों पर आघात है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रयासों को कुचलने का काम किया और शक्ति स्वरूपा बहनों की भावनाओं को आहत किया।
युवाओं को बताया देश की असली ताकत
बैठक को संबोधित करते हुए युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष टेलर ने कहा कि युवा ही देश की शक्ति, भविष्य और बदलाव की असली ताकत हैं। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, मेहनत और समर्पण के साथ अपने लक्ष्यों को हासिल करने का आह्वान किया।
सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स से भी किया संवाद
जिला मीडिया प्रभारी अंकुर श्रीवास्तव ने बताया कि बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स और युवा जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद किया। इसके बाद उन्होंने वरिष्ठ पार्टी नेताओं से सौजन्य भेंट कर अशोकनगर के लिए प्रस्थान किया।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष राहुल भदौरिया, यश प्रताप सिंह चौहान, रितेश बंसल, विष्णु राजावत, राहुल ढिमोले, अमन राय, शोभित शर्मा, निखिल अरोरा, कवीन्द्र चौहान, सार्थक राठौर, जयदीप रघुवंशी, ओमप्रकाश कुशवाह, आयुष जैन, शुभम सोनी, विनोद लोधा, विनोद दीवान, श्याम वर्मा, चंचल सोनी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रवि गुर्जर एवं आभार विक्की छारी ने व्यक्त किया।