बाल संप्रेषण गृह में स्वास्थ्य शिविर से संवारी बच्चों की सेहत और सोच
गुना।अनंत न्यूज़
गलतियां सुधारने का मौका देती हैं, बशर्ते इरादे नेक हों। इसी सकारात्मक संदेश के साथ गुना के बाल संप्रेषण गृह नानाखेड़ी और मां स्वरूप आश्रम में एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निर्देश और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य बच्चों के शरीर के साथ-साथ उनके मन को भी स्वस्थ बनाना रहा।
शिविर में मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. आर.एस. भाटी ने बच्चों के साथ बेहद आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों को समझाया कि गुस्से या आवेश में आकर हुए अपराधों को पीछे छोड़कर एक नई शुरूआत कैसे की जाए। डॉ. भाटी ने बच्चों को गुस्सा, चिड़चिड़ापन और बदले की भावना पर नियंत्रण पाने के व्यावहारिक तरीके बताए। उन्होंने जोर दिया कि सकारात्मक सोच ही उन्हें समाज की मुख्यधारा से वापस जोड़ने का सबसे सशक्त माध्यम है। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. लखनलाल धाकड़ ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें भीषण गर्मी के मौसम में स्वस्थ रहने के मंत्र दिए। उन्होंने बच्चों को पर्याप्त पानी पीने, मौसमी फलों और हरी सब्जियों का सेवन करने के साथ-साथ व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी। शिविर में नर्सिंग आॅफिसर प्रेम सिंह यादव ने बच्चों को आवश्यक दवाइयों का वितरण भी किया।
योग से निरोग और टेली-मानस का साथ
शारीरिक स्फूर्ति के लिए फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. एकता जैन ने बच्चों को योग और व्यायाम के विभिन्न आसन सिखाए। उन्होंने बताया कि नियमित योग न केवल शरीर को बलवान बनाता है, बल्कि एकाग्रता भी बढ़ाता है। वहीं, मनोरोग नर्सिंग आॅफिसर रवि सिंह यादव ने राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत टोल-फ्री नंबर 14416 (टेली-मानस) की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी मानसिक तनाव या भावनात्मक समस्या की स्थिति में बच्चे इस नंबर पर विशेषज्ञों से बात कर सकते हैं।