फिर पकड़े गए नशीले एविल इंजेक्शन, दो गिरफ्तार
श्रीराम कॉलोनी की मेडिकल स्टोर से खरीदे गए थे
गुना।अनंत न्यूज़
जिले को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत गुना पुलिस ने अवैध नशे के कारोबारियों पर एक और बड़ा प्रहार किया है। केंट थाना पुलिस ने प्रतिबंधित नशीले एविल इंजेक्शन की सप्लाई करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन की खेप बरामद कर उनके खिलाफ ड्रग्स कंट्रोल एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की है। गौरतलब है कि केंट पुलिस ने हाल ही में 225 नग एविल इंजेक्शन के साथ दो अन्य आरोपियों को भी जेल भेजा था, जिसके बाद यह लगातार दूसरी बड़ी सफलता है। 22 मई की शाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मालपुर रोड स्थित मरघटशाला के पास दो व्यक्ति प्लास्टिक के कट्टे और थैले में प्रतिबंधित एविल इंजेक्शन लेकर उन्हें बेचने की फिराक में खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया गया। नशे के इस नेटवर्क को ध्वस्त करने में केंट थाना प्रभारी अनूप कुमार भार्गव के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक मिट्टूलाल विसोरिया, आरक्षक राजू बघेल, विकास राजपूत और टीम की सराहनीय भूमिका रही।
240 नग इंजेक्शन जब्त, मेडिकल स्टोर से जुड़े तार
पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में अपने नाम सचिन राठौर (उम्र 24 वर्ष, निवासी भार्गव कॉलोनी, गुना) और विशाल ओझा (उम्र 28 वर्ष, निवासी सुदामा कॉलोनी, बूढ़े बालाजी, गुना) बताए। तलाशी लेने पर उनके पास से 10 कार्टून बॉक्स में रखे कुल 240 नग बरामद हुए। वैध दस्तावेज न होने पर पुलिस ने इंजेक्शन जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि उन्होंने यह इंजेक्शन श्रीराम कॉलोनी स्थित धाकड़ मेडिकल स्टोर के संचालक हरिमोहन धाकड़ से खरीदे थे। पुलिस अब मेडिकल संचालक के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई कर रही है।