नौकरी के लिए युवाओं ने सेमिनार में की शिरकत

'जीटो' देशभर में 50 हजार युवाओं को दिलाएगा रोजगार

नौकरी के लिए युवाओं ने सेमिनार में की शिरकत
रोजगार की तलाश में आए युवा।

गुना।अनंत न्यूज़

 युवाओं को स्वावलंबी बनाने और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जैन अंतर्राष्ट्रीय व्यापार संगठन (जीटो) ने एक नई और वृहद कार्ययोजना तैयार की है। इसे गुना सहित देशभर के 180 क्षेत्रों में लागू किया जा रहा है, जिसके तहत युवाओं को उनकी योग्यता और काबिलियत के मुताबिक सीधे कंपनियों में रोजगार दिलाया जाएगा।
इसी कड़ी में शनिवार को गुना में संगठन द्वारा एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। इस सेमिनार में बड़ी संख्या में स्थानीय युवक-युवतियां पहुंचे, जिन्होंने रोजगार की संभावनाओं को समझा और अपने दस्तावेज (रिज्यूम) जमा किए। जीटो देश के प्रतिष्ठित औद्योगिक घरानों और कॉपोर्रेट जगत से सीधे जुड़ा हुआ है। संगठन वर्तमान में अडाणी, सेलो, टाटा सहित देश की लगभग 1,000 बड़ी और नामचीन कंपनियों के साथ मिलकर काम कर रहा है। इन कंपनियों के साथ बेहतर सामंजस्य स्थापित कर युवाओं को उनकी स्किल के आधार पर नौकरियां उपलब्ध कराई जा रही हैं।

50,000 युवाओं को रोजगार देने का बड़ा लक्ष्य
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि 'जीटो' के माध्यम से अब तक देश भर में हजारों युवाओं को सम्मानजनक रोजगार मिल चुका है। अब इस कार्ययोजना का विस्तार करते हुए संगठन ने 50,000 बेरोजगारों को रोजगार से जोड़ने का एक बड़ा लक्ष्य रखा है।

सपनों के लिए लड़ें, लेकिन विकल्पों को सीमित न रखें
सेमिनार में मौजूद जैन समाज के वरिष्ठ सदस्यों और विशेषज्ञों ने युवाओं को करियर के गुर सिखाए। उन्होंने युवाओं को समझाइश देते हुए कहा कि वे अपने बड़े सपनों को पूरा करने के लिए लगातार संघर्ष और मेहनत करते रहें, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति में सहयोग करने के उद्देश्य से शुरूआती दौर में रोजगार के विकल्पों को सीमित न रखें। जो भी अच्छा अवसर मिले, उससे शुरूआत करें।