5 साल से फरार वारंटी गिरफ्तार, गुना कोतवाली पुलिस की कार्रवाई
मारपीट के पुराने मामले में आरोपी को दबोचा, कोर्ट में किया पेश
गुना।अनंत न्यूज़
फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गुना कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मारपीट के 5 वर्ष पुराने मामले में फरार चल रहे स्थाई वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस कप्तान हितिका वासल के निर्देशन में जिले में फरार आरोपियों, इनामी बदमाशों और वारंटियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं सीएसपी प्रियंका मिश्रा के पर्यवेक्षण में शहर कोतवाल राजकुमार शर्मा और उनकी टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
2021 के मामले में था फरार
जानकारी के अनुसार वर्ष 2021 में आरोपी भगत सिंह बाल्मीकि निवासी नई सड़क गुना के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज हुआ था। इस मामले में उसके खिलाफ धारा 323, 294 और 506 भादवि के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। न्यायालयीन कार्यवाही से लगातार फरार रहने पर उसके खिलाफ स्थाई वारंट जारी किया गया था।
मुखबिर सूचना पर गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने लगातार तलाश के बाद 3 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर आरोपी भगत सिंह बाल्मीकि (25) को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में शहर कोतवाल राजकुमार शर्मा के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक सूर्येन्द्र मिश्रा और आरक्षक रामकुमार रघुवंशी की विशेष भूमिका रही।