3 महीने से सीवेज का गंदा पानी उगल रहे कोल्हुपुरा के नल

पीएचई ने शुरु किया काम, लेकिन 7 से 8 दिन लगेंगे

3 महीने से सीवेज का गंदा पानी उगल रहे कोल्हुपुरा के नल

गुना।अनंत न्यूज़

 शिवाजी नगर-कोल्हुपुरा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 6 में करीब 3 महीनों से नल सीवेज का गंदा और बदबूदार पानी फेंक रहे हैं। दूषित पानी पीने के कारण क्षेत्र में बीमारियां पनप रही हैं, जिससे स्थानीय निवासियों में नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है। शनिवार को जब पेयजल लाइन को खोदकर देखा गया, तो वहां के हालात देखकर लोगों के होश उड़ गए। पाइपलाइन से उठने वाली सीवेज की दुर्गंध दूर-दूर तक फैल रही थी।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पिछले 90 दिनों से वे नारकीय स्थिति में रहने को मजबूर हैं। क्षेत्र में सप्लाई होने वाले पानी का टीडीएस स्तर 700 से 800 तक पहुंच गया है, जो स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद खतरनाक है। इस दूषित पानी के उपयोग से वार्ड के कई लोग पेट दर्द, उल्टी-दस्त और त्वचा संबंधी गंभीर बीमारियों की चपेट में आ चुके हैं। नलों से जहर नुमा पानी आने के कारण लोग अब निजी और नगर पालिका के पानी के टैंकर मंगवाकर गुजारा करने को मजबूर हैं। शनिवार को जब स्थानीय स्तर पर जांच के लिए पेयजल लाइन की खुदाई की गई, तो सीवेज और पेयजल लाइन आपस में क्रॉस होने की बात सामने आई। मौके पर इतनी तेज बदबू थी कि लोगों का खड़ा होना मुश्किल हो गया था। इस गंभीर समस्या को लेकर जब नगर पालिका के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से संपर्क किया गया, तो अधिकारियों ने माना कि लाइन में लीकेज या क्रॉस कनेक्शन की समस्या है। विभाग के अनुसार, इस तकनीकी खामी को पूरी तरह ठीक करने और शुद्ध पेयजल सप्लाई बहाल करने में अभी करीब 7 से 8 दिनों का समय और लग सकता है। तब तक क्षेत्र में वैकल्पिक माध्यमों से पानी पहुंचाया जाएगा।