गुना में रचा गया इतिहास, 1008 कलशों से हुआ उत्तर भारत के सबसे बड़े भगवान बाहुबली का महामस्तिष्काभिषेक

मुनि पुंगव सुधासागरजी महाराज के सान्निध्य में संपन्न हुआ भव्य महोत्सव

गुना में रचा गया इतिहास, 1008 कलशों से हुआ उत्तर भारत के सबसे बड़े भगवान बाहुबली का महामस्तिष्काभिषेक

गुना। अनंत न्यूज़

नेशनल हाइवे-46 पर नवनिर्मित सर्वोदय ज्ञान तीर्थ क्षेत्र में उत्तर भारत की सबसे विशाल 45 फीट ऊंची भगवान बाहुबली की प्रतिमा का भव्य महामस्तिष्काभिषेक बुधवार को संपन्न हुआ। 5 फीट ऊंचे कमल आसन पर विराजमान इस अद्वितीय प्रतिमा का पहली बार 1008 कलशों से महामस्तिष्काभिषेक किया गया। यह ऐतिहासिक धार्मिक अनुष्ठान निर्यापक श्रमण मुनि पुंगव सुधासागरजी महाराज ससंघ के पावन सान्निध्य और प्रतिष्ठाचार्य प्रदीप भैया के कुशल निर्देशन में पूरे विधि-विधान से पूरा हुआ।

महोत्सव में प्रथम कलश का सौभाग्य जैन समाज के अग्रणी भामाशाह आर के मार्बल्स परिवार किशनगढ़ के अशोक पाटनी, शुशीला पाटनी, शांता पाटनी और तारीका विमल पाटनी ने ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त किया। वहीं दूसरी ओर से यह महासौभाग्य राजीव रस्सी, धर्मेंद्र बाझल और एस के जैन को मिला। जगत कल्याण की भावना के साथ की गई महाशांतिधारा का सौभाग्य ब्रह्मचारियों के साथ मध्यप्रदेश दिगंबर जैन महासभा के संयोजक विजय धुर्रा ने प्राप्त किया। प्रतिष्ठाचार्य प्रदीप भैया ने बताया कि दक्षिण भारत के श्रवणबेलगोला की तर्ज पर उत्तर भारत में पहली बार 76 फीट की ऊंचाई से कलश की धार छोड़ी गई। इस अवसर पर आयोजित धर्मसभा को संबोधित करते हुए राष्ट्र संत मुनि पुंगव सुधासागरजी महाराज ने कहा कि प्रकृति ने धर्मात्मा को धर्म और पापी को पाप करने की खुली छूट दी है। पापी पाप करते-करते अहंकारी होकर फूल जाता है, लेकिन अंतत: कर्म उसे अपने बंधन में जकड़ लेते हैं और ऐसा कठोर दंड देते हैं कि उसे कोई बचाने वाला नहीं मिलता। उन्होंने गृहस्थों को सीख देते हुए कहा कि पुण्य जीवन की समस्त कालिमा को धो देता है और जो मंगलमय हो चुके हैं, उनका अनुसरण करने से ही गृहस्थ जीवन श्रेष्ठ बनता है। महोत्सव की पूर्णता पर विजय धुर्रा, एस के जैन और महामंत्री प्रदीप जैन एडवोकेट ने पंचकल्याणक महोत्सव व विश्व शांति महायज्ञ की सफलता के लिए प्रशासनिक अमले, प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया सहित नगर के सभी समाजों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान संजीव वगुल्या, अरविंद जैन और अखिलेश जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।