वैदिक प्रतिभा और पर्यावरण संरक्षण का संगम

बाल वेदज्ञ श्रेष्ठ भार्गव सम्मानित, कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल का हुआ अभिनंदन

वैदिक प्रतिभा और पर्यावरण संरक्षण का संगम

गुना। अनंत न्यूज़

भारतीय संस्कृति, वैदिक परंपरा और प्रकृति संरक्षण के प्रति समर्पण का अद्भुत संगम गुना के मानस भवन में आयोजित एक गरिमामयी समारोह में देखने को मिला। समारोह में अद्वितीय वैदिक प्रतिभा के धनी बाल वेदज्ञ श्रेष्ठ भार्गव को मुख्य अतिथि गुना कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल द्वारा स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कलेक्टर कन्याल ने बाल वेदज्ञ की विलक्षण मेधा एवं सनातन संस्कृति के प्रति उनकी निष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतिभाएं नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।

इस अवसर पर कूनो नदी के उद्गम स्थल के संरक्षण, गुनिया नदी के पुनर्जीवन, स्वच्छता, जल संवर्धन एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए जिला जनकल्याण महासमिति, झांसी एवं जे.के.टी. नेचर केयर, झांसी की ओर से डॉ. जितेन्द्र कुमार तिवारी एवं निर्मल तिवारी के नेतृत्व में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान उनके जनभागीदारी आधारित पर्यावरणीय प्रयासों को देश के लिए प्रेरणादायी बताया गया। समारोह में ज्वाइंट कलेक्टर संजीव खेमरिया, प्रो. सतीश चतुवेर्दी, रजनीश शर्मा, आनंद भार्गव एवं मनोज दुबे सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भार्गव समाज के प्रदेश अध्यक्ष नर्मदा प्रसाद भार्गव, बुंदेलखंड ब्राह्मण विद्वत परिषद, झांसी के केंद्रीय अध्यक्ष आचार्य बृज किशोर हरभजन भार्गव, समाजसेवी पंकज भार्गव सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। समारोह के अंत में खाद्य आपूर्ति अधिकारी अवधेश पांडे ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया।