मोबाइल टावर बैटरी चोरी का अंतिम आरोपी गिरफ्तार, 40 हजार रुपये की 8 बैटरियां बरामद
बजरंगगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता, 1000 रुपये के इनामी आरोपी को बस स्टैंड से दबोचा, सभी 72 चोरी की बैटरियां बरामद
गुना।अनंत न्यूज़
बजरंगगढ़ थाना पुलिस ने करीब साढ़े तीन माह पहले मोबाइल टावर से हुई बैटरी चोरी के चर्चित मामले में फरार चल रहे अंतिम आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी पर 1000 रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई 8 बैटरियां भी बरामद की हैं, जिनकी कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 26-27 फरवरी 2026 की मध्यरात्रि में बजरंगगढ़ स्थित ALTIUS टावर से अज्ञात बदमाशों द्वारा 72 बैटरियां चोरी कर ली गई थीं। मामले में बजरंगगढ़ थाने में अपराध क्रमांक 22/26 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने 11 मार्च 2026 को छह आरोपियों राणा रजक, मोनू जाटव, नाजिर खान, आसिफ खान उर्फ चच्चू, सुभाष गोस्वामी और रवि अहिरवार को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से चोरी की 64 बैटरियां और घटना में प्रयुक्त दो ऑटो भी बरामद किए गए थे। हालांकि मामले का एक आरोपी सादिक खान निवासी कर्नेलगंज गुना लगातार फरार चल रहा था।
पुलिस कप्तान हितिका वासल के निर्देशन में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। फरार आरोपी पर एक हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। इसी क्रम में बजरंगगढ़ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कृपाल सिंह परिहार ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और लगातार दबिश दी।
23 जून 2026 की रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी भोपाल से बस द्वारा गुना आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बस स्टैंड पर घेराबंदी कर सादिक खान को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर चोरी की गई 8 बैटरियां बरामद की गईं।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही प्रकरण में चोरी हुई सभी 72 बैटरियों की बरामदगी पूरी हो गई है।
इस कार्रवाई में बजरंगगढ़ थाना एस ओ कृपाल सिंह परिहार, सहायक उपनिरीक्षक पृथ्वी सिंह, आरक्षक मुकेश वर्मा, जितेंद्र शर्मा, महेश बंजारा, अभयराज रघुवंशी, नवल किशोर, महिला आरक्षक सपना रघुवंशी एवं पूजा गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।