गुना मंडी में बंपर आवक से हंगामा: गेहूं के दाम गिरते ही किसानों का चक्काजाम, प्रशासन ने कराया समझौता

गुना मंडी में बंपर आवक से हंगामा: गेहूं के दाम गिरते ही किसानों का चक्काजाम, प्रशासन ने कराया समझौता
किसानों को समझाते प्रशासनिक अधिकारी

अनंत न्यूज़ @गुना। जिले की मंडियों में इन दिनों कृषि उपज की बंपर आवक देखने को मिल रही है। नानाखेड़ी मंडी के बाद गोपालपुरा मैदान भी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से पूरी तरह भर गया। इसी बीच गेहूं के दामों में अचानक गिरावट से नाराज किसानों ने हंगामा कर दिया।

बताया जा रहा है कि शनिवार को जहां गेहूं का भाव करीब 3000 रुपए प्रति क्विंटल था, वहीं सोमवार सुबह की नीलामी में यह घटकर करीब 2300 रुपए तक पहुंच गया। इसे व्यापारियों की मनमानी मानते हुए किसान भड़क उठे और मंडी से निकलकर एबी रोड पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन तुरंत हरकत में आया। एसडीएम शिवानी पाठक और कार्यपालिक मजिस्ट्रेट गौरी शंकर बैरवा ने किसान और व्यापारी प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मामले को शांत कराया। किसानों ने आरोप लगाया कि बंपर आवक और उनकी जरूरत का फायदा उठाकर जानबूझकर भाव गिराए जा रहे हैं, जबकि व्यापारियों ने गुणवत्ता के आधार पर बोली लगाने की बात कही।

लंबी चर्चा के बाद इस बात पर सहमति बनी कि गेहूं सहित सभी फसलों के दाम बाजार और गुणवत्ता के आधार पर तय किए जाएंगे और किसी प्रकार की मनमानी नहीं होगी। इसके बाद दोपहर में मंडी में नीलामी का कार्य फिर से शुरू कर दिया गया।

गौरतलब है कि फसल कटाई के बाद किसान बड़ी संख्या में उपज बेचने मंडी पहुंच रहे हैं। वहीं विवाह सीजन और आगामी अखातीज को देखते हुए किसानों को नगदी की आवश्यकता भी बढ़ गई है, जिसके चलते मंडियों में आवक लगातार बढ़ती जा रही है।