गुना पुलिस का 'सुपरफास्ट' एक्शन: 24 घंटे में सुलझाई चोरी की गुत्थी

शातिर चोर और खरीदार दोनों सलाखों के पीछे

गुना पुलिस का 'सुपरफास्ट' एक्शन: 24 घंटे में सुलझाई चोरी की गुत्थी
पुलिस ने जब्त किया चोरी किया सामान

अनंत न्यूज़ @गुना। पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के कुशल नेतृत्व और प्रभावी रणनीति के चलते गुना पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर नकेल कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में केंट थाना पुलिस ने एक आवासीय परिसर में हुई चोरी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चोर और चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया शत-प्रतिशत माल भी बरामद कर लिया है। मामले के अनुसार, 6 मार्च 2026 को फरियादी अजय शर्मा (दुबे फाइनेंशियल सर्विसेज मार्केटिंग) ने केंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि केंट क्षेत्र के एक आवासीय परिसर में रिनोवेशन का कार्य चल रहा था, जहाँ से अज्ञात बदमाशों ने लोहे के एंगल, सरिया, टाइल काटने की मशीन, फर्नीचर मशीन, नल की टोंटी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया था। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर और सीएसपी प्रियंका मिश्रा के पर्यवेक्षण में केंट थाना प्रभारी अनूप कुमार भार्गव की टीम ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने तकनीकी संसाधनों और सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया, जिससे आरोपी की पहचान सुनिश्चित हुई। 7 मार्च को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने रविशंकर लोधा (32 वर्ष), निवासी गोपालपुरा को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार किया और बताया कि उसने चोरी का माल मुकेश रजक निवासी नानाखेड़ी को बेच दिया है।

60 हजार रुपये का मशरूका बरामद

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए खरीदार मुकेश रजक (43 वर्ष) को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया संपूर्ण सामान बरामद किया गया, जिसकी कुल कीमत करीब 60 हजार रुपये आंकी गई है। बरामद सामान में ड्रिल मशीन, ग्राइंडर, बुडकटर मशीन, रुंदा मशीन, लोहे का सरिया और नल की टोंटियां शामिल हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस सफल कार्रवाई में केंट थाना प्रभारी अनूप कुमार भार्गव, सीसीटीवी कंट्रोल प्रभारी विकास उपाध्याय, प्रधान आरक्षक रामभरोसा बैरागी, आरक्षक सूर्यभान जाट, राजू बघेल, शुभम रघुवंशी और सीसीटीवी कंट्रोल टीम के भूपेंद्र सेंगर, नितिन राठौर, साक्षी सिकरवार व प्रिया टुण्डेले की विशेष भूमिका रही।