गुना में जमकर मना टी-20 विश्व विजय का जश्न
जयस्तंभ चौराहे पर लहराया तिरंगा, 'रंगपंचमी' पर टीम इंडिया ने दी दोहरी खुशी
अनंत न्यूज़ @गुना। टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को हराकर भारत के विश्व विजेता बनते ही गुना शहर दीपावली और होली के दोहरे उत्साह में डूब गया। अहमदाबाद में खेले गए ऐतिहासिक फाइनल मैच में जैसे ही कीवी टीम का अंतिम विकेट गिरा, गुना की सड़कों पर विजय का शंखनाद हो गया। युवाओं की टोलियां हाथों में तिरंगा लिए सड़कों पर निकल पड़ीं और जीत का जश्न देर रात तक जारी रहा। शहर के हृदय स्थल कहे जाने वाले जयस्तंभ चौराहे पर जीत की घोषणा होते ही भारी संख्या में क्रिकेट प्रेमी एकत्र हो गए। यहां देशभक्ति गीतों की धुन पर युवा जमकर थिरके और आतिशबाजी कर अपनी खुशी का इजहार किया। रात करीब 2 बजे तक पूरा इलाका 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम' के नारों से गूंजता रहा। खास बात यह रही कि इस बार विश्व कप की जीत का उपहार रंगपंचमी के त्योहार के साथ मिला। उत्साहित युवाओं का कहना था कि टीम इंडिया ने रंगपंचमी के दिन विश्व विजेता का खिताब जीतकर पूरे देश की खुशियों को दोगुना कर दिया है। हवा में रंगों के साथ-साथ जीत का गुलाल भी जमकर उड़ा। जश्न के दौरान शहर की शांति व्यवस्था बनी रहे और किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति या हुड़दंग न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। कोतवाली पुलिस का भारी बल जयस्तंभ चौराहे सहित शहर के तमाम प्रमुख मार्गों और चौराहों पर तैनात रहा।