गुना पुलिस की पहल ! सिंघाडी, विनायकखेडी और एकलव्य स्कूल में लगाए जन चेतना शिविर
अनंत न्यूज़ @गुना। पुलिस कप्तान अंकित सोनी के नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा सामाजिक सरोकारों की दिशा में सशक्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के लोगों के अधिकारों के संरक्षण एवं सामाजिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से विशेष पुलिस थाना अजाक द्वारा ग्राम सिंघाडी, विनायकखेडी एवं एकलव्य स्कूल में जनचेतना शिविरों का सफल आयोजन किया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं प्रभारी डीएसपी अजाक विवेक अष्ठाना के पर्यवेक्षण में विशेष पुलिस थाना अजाक प्रभारी निरीक्षक ओ.पी. आर्य द्वारा अपने स्टाफ सहित इन क्षेत्रों में पहुँचकर ग्रामीणों को कानून और शासन की योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। शिविरों के दौरान अजाक थाना प्रभारी ने उपस्थित ग्रामीणों को अनुसूचित जाति/जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के प्रावधानों, पीड़ितों को मिलने वाली राहत राशि, शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं तथा जाति प्रमाणपत्र बनवाने की सरल प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार के अत्याचार, भेदभाव या शोषण की स्थिति में पीड़ित व्यक्ति तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते वैधानिक एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके। साथ ही ग्रामीणों को उनके हितार्थ संचालित सरकारी सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
आपको बता दें गुना पुलिस का मुख्य उद्देश्य इन शिविरों के माध्यम से समाज के कमजोर वर्गों का उत्थान कर उन्हें सशक्त बनाना, उनमें विश्वास का वातावरण निर्मित करना एवं विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा ग्रामीणों की व्यक्तिगत समस्याओं को भी सुना गया और उनके त्वरित समाधान हेतु आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।