गुनिया नदी को बचाने निकली जागरूकता की लहर: कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के साथ शहर ने लिया स्वच्छता का संकल्प
अनंत न्यूज़ @गुना। शहर में गुनिया नदी को स्वच्छ और पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से एक भव्य पदयात्रा एवं जनजागरण अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान में जिला कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल स्वयं शामिल हुए, जिससे पूरे आयोजन को नई दिशा और ऊर्जा मिली।
शीतला माता मंदिर से शुरू हुई यह पदयात्रा रपटा, हॉट रोड, बड़ा पुल, घोसीपुरा और बांसखेड़ी होते हुए लूशन बगीचे तक पहुंची। यात्रा के दौरान लोगों को स्वच्छता, जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन का संदेश दिया गया।
इस दौरान सेवा भारती, हिंदू जागरण मंच, विद्या भारती और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सहित कई सामाजिक संगठनों के साथ बड़ी संख्या में शहरवासियों ने भाग लिया। सभी ने मिलकर गुनिया नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने और इसे जनआंदोलन का रूप देने का संकल्प लिया।
गुना विकास मंच और पर्यावरण गतिविधि द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पहले भी “पर्यावरण संवाद” और हनुमान टेकरी मेले में स्वच्छता अभियान जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। आयोजकों का कहना है कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए ऐसे प्रयास आगे भी लगातार जारी रहेंगे।