गुना में भी हुआ नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान का शुभारंभ

एसपी ने दिलाई सामूहिक शपथ, शहर में निकली विशाल जागरूकता रैली

गुना में भी हुआ नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान का शुभारंभ
अभियान के दौरान दिलाई गई शपथ।

गुना। अनंत न्यूज़

जिले को पूरी तरह नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से गुना पुलिस एक बार फिर पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर गई है। प्रदेश मुख्यालय के निर्देश पर बुधवार को जिले में 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान का आगाज किया गया। सुबह करीब 11 बजे पुलिस परेड ग्राउंड पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में गुना एसपी हितिका वासल ने उपस्थित जनसमुदाय, पुलिस बल को नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक रूप से शपथ दिलाई।

सामूहिक शपथ ग्रहण के बाद पुलिस परेड ग्राउंड से एक जागरूकता रैली की शुरूआत की गई। यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों जेल रोड, कॉलेज रोड, अम्बेडकर चौराहा, हनुमान चौराहा, हाट रोड, निचला बाजार, सदर बाजार और लक्ष्मीगंज से होती हुई गुजरी। रैली के दौरान गगनभेदी नारों और तख्तियों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। रैली का समापन गुना के हृदय स्थल जयस्तंभ चौराहे पर हुआ, जहां बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भी इस अभियान का समर्थन किया। अभियान की उपयोगिता और गंभीरता पर प्रकाश डालते हुए एसपी हितिका वासल ने कहा कि एक स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए नशामुक्त वातावरण का होना बेहद जरूरी है। उन्होंने शपथ लेने वाले सभी लोगों से आह्वान किया कि वे केवल खुद को नशे से दूर न रखें, बल्कि समाज में 'नशामुक्ति के दूत' बनकर इस संदेश को जिले के कोने-कोने तक फैलाएं।

मीडिया की भूमिका भी महत्वपूर्ण

एसपी ने इस महाअभियान में मीडिया की भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ इस जंग को जन-आंदोलन बनाने में मीडिया की सहभागिता सबसे मजबूत कड़ी है। समाज के हर वर्ग के सहयोग से ही गुना को पूरी तरह नशामुक्त बनाया जा सकता है। इस दौरान पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जवान, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।