पुलिस ने दबोचा 'हौवा', दो वारदातों का खुलासा
सुदामा कॉलोनी चोरी का खुलासा, 16 अपराधों में लिप्त शातिर 'हौवा' समेत दो दबोचे, 7 लाख का मशरूका बरामद
गुना। अनंत न्यूज़
शहर में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सुदामा कॉलोनी में हुई सनसनीखेज चोरी सहित एक अन्य पुरानी वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने लगभग 7 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और नगदी बरामद की है। इस कार्रवाई की सबसे बड़ी उपलब्धि 16 से अधिक गंभीर अपराधों में लिप्त शहर के कुख्यात बदमाश 'हौवा' की गिरफ्तारी रही।
मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि सुदामा कॉलोनी निवासी हेमंत भार्गव के सूने घर को चोरों ने निशाना बनाया था। वारदात 19-20 अप्रैल की दरमियानी रात की है, जब हेमंत भार्गव अपने छोटे भाई की शादी में शामिल होने के लिए पूरे परिवार के साथ एक मैरिज गार्डन गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और लाखों रुपये के जेवरात व नगदी समेट ले गए। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली थाना पुलिस को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे। पुलिस टीम ने सुदामा कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने संदिग्धों की पहचान की। घेराबंदी कर पुलिस ने शहर के ही कुख्यात अपराधी हऊआ उर्फ राजकुमार को हिरासत में लिया। सघन पूछताछ में हऊआ ने अपने साथी छोटू नामदेव के साथ मिलकर चोरी की बात स्वीकार की।
5 लाख की सुदामा कॉलोनी चोरी और 2025 की वारदात का खुलासा
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सुदामा कॉलोनी चोरी कांड का लगभग 5 लाख रुपये मूल्य का मशरूका बरामद कर लिया है, जिसमें भारी मात्रा में सोने-चांदी के गहने और 25 हजार रुपये नगद शामिल हैं। पूछताछ के दौरान बदमाशों ने एक और बड़ा खुलासा किया। उन्होंने स्वीकार किया कि साल 2025 में हाट रोड स्थित सरकारी क्वार्टर में हुई चोरी में भी वे शामिल थे। पुलिस ने इस पुरानी वारदात से संबंधित 2 लाख रुपये के आभूषण भी बरामद किए हैं। गौरतलब है कि 2025 की उस वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी सनी राजपूत को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है।
16 अपराधों का रिकॉर्ड, पुलिस टीम को मिला प्रोत्साहन
गिरफ्तार आरोपी हऊआ उर्फ राजकुमार गुना शहर का आदतन अपराधी है, जिस पर लूट, चोरी और नकबजनी जैसे लगभग 16 से ज्यादा संगीन मामले दर्ज हैं। कोतवाली थाना क्षेत्र के इस चुनौतीपूर्ण मामले को सुलझाने पर पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने पूरी टीम की सराहना की। इस सफल कार्रवाई में कोतवाली टीआई राजकुमार शर्मा, एसआई मेहमूद नबी खान, एएसआई देवनारायण शर्मा, प्रधान आरक्षक प्रवीण दीवान, उमेश शर्मा, दिग्लेश धाकड़, आरक्षक मनोज रघुवंशी, शिवकुमार रघुवंशी, आरक्षक जितेंद्र वर्मा, सैनिक रंजीत समर और साइबर सेल के आरक्षक कुलदीप यादव की विशेष भूमिका रही। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है, जिससे शहर की कुछ और अनसुलझी चोरियों का खुलासा होने की उम्मीद है।