एसपी बोलीं, नशा समाज के लिए गंभीर चुनौती
'मन' संस्था के शिविर में 19 मरीज भर्ती
गुना। अनंत न्यूज़
जिले में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को रोकने के लिए 'मन' मेंटल हेल्थ अवेयरनेस एंड नेटवर्किंग समिति द्वारा संचालित नशामुक्ति केंद्र में शनिवार को विशेष जनजागरूकता एवं नि:शुल्क भर्ती शिविर लगाया गया। जिला नशामुक्ति केंद्र के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक हितिका वासल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुर्इं।
शिविर को संबोधित करते हुए एसपी हितिका वासल ने कहा कि नशा समाज के लिए एक गंभीर चुनौती है। उन्होंने मेडिको-लीगल पहलुओं पर जोर देते हुए बताया कि अधिकांश अपराधों में अपराधी नशे की हालत में होता है, जिससे उसकी निर्णय क्षमता खत्म हो जाती है। उन्होंने युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और पुनर्वास के माध्यम से नई शुरूआत कराने की आवश्यकता बताई। एसपी ने 'मन' संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन और समाज के समन्वित प्रयासों से ही नशामुक्त समाज का सपना सच होगा। सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्रालय के सहयोग से संचालित इस केंद्र में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। शिविर के दौरान कुल 50 मरीजों का पंजीयन किया गया। केंद्र की 15 बेड की क्षमता के बावजूद, गंभीर स्थिति को देखते हुए 19 मरीजों को तत्काल भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। अन्य मरीजों को विशेषज्ञों द्वारा काउंसलिंग और परामर्श दिया गया। शिविर की खास बात यह रही कि यहाँ जिला चिकित्सालय के सहयोग से नि:शुल्क टीबी और एचआईवी जांच भी की गई। कार्यक्रम आयोजन में समिति सचिव संगीता सिंह, डायरेक्टर डॉ. अनिल विजयवर्गीय, डॉ. आर. एस. भाटी, प्रदीप सेन, डॉ. राममोहन गुर्जर, डॉ. संध्या श्रीवास्तव, डॉ. मधु कृष्णानी, अनिल श्रीवास्तव, शुभिका विजयवर्गीय, पंकज कुशवाह और हितेश कुशवाह सहित स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।