फरार वारंटी पर गुना पुलिस की बड़ी कार्रवाई
चेक बाउंस मामले में लंबे समय से फरार आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट में किया पेश
गुना।अनंत न्यूज़
जिले में फरार वारंटियों और आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शहर कोतवाली पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस ने चेक बाउंस के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
पुलिस कप्तान हितिका वासल के निर्देशन में जिलेभर में फरार आरोपियों, इनामी बदमाशों और वारंटियों के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन तथा प्रभारी सीएसपी आनंद राय के पर्यवेक्षण में शहर कोतवाल राजकुमार शर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, प्रकरण क्रमांक 825/18 में धारा 138 एन.आई. एक्ट (चेक बाउंस) के तहत आरोपी सूरज कुशवाह निवासी ईदगाह बाड़ी, गुना न्यायालयीन कार्यवाही से लंबे समय से अनुपस्थित चल रहा था। आरोपी की लगातार गैरहाजिरी के चलते न्यायालय ने उसके विरुद्ध स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।
कोतवाली पुलिस आरोपी की लगातार तलाश कर रही थी। मंगलवार, 14 जुलाई 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 38 वर्षीय सूरज पुत्र नंदकिशोर कुशवाह को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे विधिवत न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में शहर कोतवाल राजकुमार शर्मा के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक सूर्येन्द्र मिश्रा और आरक्षक नरेन्द्र रावत की विशेष भूमिका रही।
गुना पुलिस का कहना है कि फरार वारंटियों और अपराधियों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि कानून से बचने वालों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।