कांग्रेस पार्षद रामवीर जाटव पर तलवार से जानलेवा हमला
लहूलुहान हालत में पहुंचे एसपी दफ्तर
गुना। अनंत न्यूज़
कैंट थाना क्षेत्र के हड्डीमील स्थित वार्ड क्रमांक 21 में मंगलवार को एक जमीन विवाद के मामले में पारदी समुदाय के कुछ लोगों ने कांग्रेस पार्षद रामवीर जाटव के साथ बुरी तरह मारपीट कर डाली। घटना में पार्षद गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों और क्षेत्रवासियों को जैसे ही मामले की भनक लगी, वे लहूलुहान हालत में पार्षद को लेकर सीधे एसपी कार्यालय पहुंचे। हालांकि पार्षद का आरोप है कि उनकी सुनवाई नहीं हुई और अधिकारियों ने पहले मेडीकल परीक्षण कराने की सलाह देकर वापस लौटा दिया।
जानकारी के अनुसार, विवाद की जड़ एक दिन पुरानी है। सोमवार को पार्षद रामवीर जाटव ने बलवीर सहरिया नाम के एक स्थानीय व्यक्ति की मदद की थी, जिसकी जमीन पर पारदी समुदाय के कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा था। पार्षद ने बलवीर के साथ जाकर प्रशासन को आवेदन दिलवाया था। मंगलवार को सुबह लगभग साढ़े 11 बजे यह विवाद तब और गहरा गया, जब रामवीर जाटव को सूचना मिली कि पारदी समुदाय के लोग बलवीर सहरिया की उसी जमीन पर जबरन ट्रैक्टर चला रहे हैं। जब पार्षद बीच-बचाव करने और मामला शांत कराने पहुंचे, तो आरोपियों ने उन पर हमला बोल दिया। गंभीर रूप से घायल पार्षद रामवीर जाटव ने एसपी को आपबीती सुनाते हुए आरोप लगाया कि पारदी समुदाय के हमलावरों ने उन पर सीधे तलवार से वार किया। इस दौरान आरोपियों ने उनके साथ लूटपाट की वारदात को भी अंजाम दिया। पार्षद ने दावा किया है कि इस पूरी घटना के वीडियो साक्ष्य उनके पास उपलब्ध हैं, जो उन्होंने पुलिस को सौंपने की बात कही है। घटना के बाद कैंट पुलिस की टीम मौके पर पहुंची थी, जो घायल पार्षद की मोटरसाइकिल अपने साथ लेकर थाने लौट गई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इतनी गंभीर हालत में एसपी कार्यालय पहुंचने के बावजूद वहां मौजूद अधिकारियों ने उनका आवेदन तो रख लिया, लेकिन उसकी रिसीविंग देने से साफ मना कर दिया। इस बीच, घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में पारदी समुदाय के कुछ लोग एक व्यक्ति, जिसका नाम बलवीर सहरिया बताया जा रहा है, उसको घेरकर साथ बेरहमी से मारपीट करते हुए नजर आ रहे हैं।