कांग्रेस की साइकिल यात्रा को लेकर गुना में रणनीति तैयार

जयवर्धन सिंह के नेतृत्व में जुटेंगे कार्यकर्ता

कांग्रेस की साइकिल यात्रा को लेकर गुना में रणनीति तैयार

गुना। अनंत न्यूज़

मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेश के युवाओं और छात्रों की समस्याओं को पुरजोर तरीके से उठाने के लिए इंदौर से भोपाल तक साइकिल यात्रा निकाली जा रही है। राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री निवास के घेराव के साथ इस यात्रा का समापन होगा। इसी राज्यव्यापी आव्हान के तहत गुना जिले से भी बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पूर्व मंत्री व विधायक जयवर्धन सिंह के नेतृत्व में इस आंदोलन में शामिल होने जा रहे हैं।

गुना जिले से साइकिल यात्रा की तैयारियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी को लेकर सोमवार को गायत्री मंदिर के समीप स्थित बमौरी विधायक इंजीनियर ऋषि अग्रवाल के कार्यालय पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा की सफलता और रूट को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस मौके पर मौजूद कांग्रेस के शहर अध्यक्ष रजनीश शर्मा ने तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश नेतृत्व और जयवर्धन सिंह के मार्गदर्शन में गुना जिले का हर कार्यकर्ता मुस्तैद है। गुना के सभी ब्लॉकों से कांग्रेस कार्यकर्ता अलग-अलग टोलियों में अपनी साइकिलों के साथ भोपाल पहुंचेंगे और मुख्य यात्रा का हिस्सा बनेंगे। बैठक में तय रणनीति के अनुसार, गुना जिले के तमाम कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का एकत्रीकरण 15 जुलाई को दोपहर 2 बजे होगा। यहां से सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर जयवर्धन सिंह के नेतृत्व में मुख्यमंत्री निवास भोपाल के घेराव के लिए कूच करेंगे। बैठक में बमौरी विधायक इंजी. ऋषि अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।