डॉक्टर की लापरवाही से मासूम का हाथ हुआ बेकार, 8 महीने से न्याय के लिए भटक रहा लाचार पिता
गुना। अनंत न्यूज़
जिले के सिविल अस्पताल आरोन में पदस्थ चिकित्सक की घोर लापरवाही का एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। ग्राम उनारसीकलां निवासी राजेश अहिरवार मंगलवार को अपने मासूम बेटे को गोद में लेकर कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में पहुंचे। आँखों में आंसू लिए पीड़ित पिता ने कलेक्टर से गुहार लगाई कि या तो आरोपी डॉक्टर उनके बेटे का पूरा इलाज करवाएं या फिर उन पर तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए।
यह मामला 22 नवंबर 2025 का है, जब राजेश ने अपने बेटे को सर्दी-जुकाम और खांसी होने पर डॉ. महेश राजपूत के घर पर फीस देकर दिखाया था। आरोप है कि डॉक्टर की मौजूदगी में उनके असिस्टेंट ने बच्चे को एक इंजेक्शन लगाया, जिसके तुरंत बाद बच्चे के पूरे हाथ में गंभीर इन्फेक्शन फैल गया। लापरवाही का आलम यह है कि पिछले 8 महीनों से बच्चा असहनीय दर्द झेल रहा है। विशेषज्ञ डॉक्टरों का कहना है कि अब बच्चे के हाथ की प्लास्टिक सर्जरी करानी होगी, क्योंकि उसकी उंगलियां पूरी तरह काम करना बंद कर चुकी हैं। पीड़ित पिता पिछले 8 महीने से न्याय के लिए भटक रहा है, लेकिन अब तक दोषी चिकित्सक पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।