राशन कालाबाजारी पर प्रशासन का डंडा, आरोन में 13 क्विंटल चावल जब्त
अनंत न्यूज़ @गुना। शासन की सार्वजनिक वितरण प्रणाली के खाद्यान्न को खुर्द-बुर्द करने वाले माफियाओं के विरुद्ध जिला प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निदेर्शानुसार जिले में जारी विशेष अभियान के तहत शनिवार को आरोन नगर में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। प्रशासन की इस संयुक्त टीम ने दो अलग-अलग दुकानों पर छापा मारकर लगभग 13 क्विंटल पीडीएस का चावल बरामद किया है।
प्राप्त सूचना के आधार पर नायब तहसीलदार आरोन एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी की संयुक्त टीम ने नगर के व्यापारियों पवन कुमार जैन एवं श्रवण कुमार जैन की दुकानों पर औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान दुकानों से 26 कट्टों में भरा हुआ लगभग 13 क्विंटल चावल पाया गया। प्रारंभिक जांच और भौतिक सत्यापन में यह स्पष्ट हुआ कि उक्त चावल सरकारी उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से गरीबों को बांटे जाने वाला पीडीएस का चावल है, जिसे अवैध रूप से संग्रहित किया गया था। प्रशासनिक टीम ने तत्परता दिखाते हुए पूरे स्टॉक को जब्त कर लिया और सुरक्षित रखने हेतु स्टेट वेयरहाउसिंग कॉपोर्रेशन, आरोन की सुपुर्दगी में सौंप दिया है। दोनों संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगामी वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस पूरी कार्रवाई के दौरान जिला आपूर्ति अधिकारी अवधेश पांडे एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी गुना आशीष चतुवेर्दी सहित स्थानीय राजस्व अमला मौजूद रहा।