गुना में प्रशासन की ताबड़तोड़ कार्रवाई
सड़क के लिए बूढ़े बालाजी से टेकरी तक हटाया गया अतिक्रमण
अनंत न्यूज़ @गुना। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल टेकरी सरकार की ओर जाने वाले मार्ग को सुगम और चौड़ा बनाने के लिए जिला प्रशासन ने गुरुवार को बड़ी अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई को अंजाम दिया। बूढ़े बालाजी से लेकर टेकरी सरकार तक लोक निर्माण विभाग द्वारा डाली जा रही नई सड़क के निर्माण में बाधा बन रहे पक्के और कच्चे निर्माण को पूरी तरह साफ कर दिया गया।
प्रशासन ने इस कार्रवाई की तैयारी तीन दिन पहले ही पूरी कर ली थी। राजस्व और नगरपालिका की टीम ने पूरे मार्ग का सर्वे कर उन हिस्सों पर लाल निशान लगाए थे, जो सड़क की सीमा यानी अतिक्रमण के दायरे में आ रहे थे। गुरुवार को जब तहसीलदार गौरीशंकर बैरवा के निर्देशन में नगरपालिका की टीम मौके पर पहुँची, तो प्रशासन का सख्त रवैया देख हड़कंप मच गया। प्रशासनिक सख्ती का असर यह हुआ कि कार्रवाई शुरू होने से पहले ही कई जागरूक नागरिकों और दुकानदारों ने अपने फुटपाथ पर बने चबूतरे, जीने और टिन शेड खुद ही हटाना शुरू कर दिए थे। अधिकांश लोगों ने विवाद की स्थिति से बचने के लिए स्वयं ही अपने अतिक्रमण हटा लिए। हालांकि, जिन स्थानों पर अतिक्रमण नहीं हटाया गया था, वहां प्रशासन की जेसीबी मशीन चली और अवैध निमार्णों को जमींदोज कर दिया गया। दरअसल, बूढ़े बालाजी से टेकरी सरकार तक की सड़क काफी संकरी होने के कारण श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। पीडब्ल्यूडी द्वारा अब इस रोड का चौड़ीकरण किया जा रहा है, जिससे टेकरी मंदिर जाने वाले हजारों श्रद्धालुओं को सुगम रास्ता मिल सकेगा। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार गौरीशंकर बैरवा सहित नगरपालिका का अमला और पर्याप्त पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क निर्माण के कार्य में किसी भी तरह का व्यवधान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।