हनुमान जन्मोत्सव की तैयारियों में जुटा प्रशासन

नपाध्यक्ष ने टेकरी मेले का किया निरीक्षण

हनुमान जन्मोत्सव की तैयारियों में जुटा प्रशासन
टेकरी मेला की व्यवस्थाओं का जायजा लेतीं नगरपालिका अध्यक्ष।

अनंत न्यूज़ @गुना। आगामी 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर प्रसिद्ध श्री हनुमान टेकरी मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले विशाल मेले की तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र इस आयोजन को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता अरविंद गुप्ता ने बुधवार प्रात: अपनी पूरी टीम के साथ मेला क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुश्री मंजुषा खत्री सहित नगर पालिका के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्हें आयोजन को सफल बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

श्रद्धालुओं को पेयजल की कमी न हो, इसके लिए नपाध्यक्ष ने तकनीकी अमले को विशेष हिदायत दी है। उन्होंने बताया कि बूढ़े बालाजी स्थित पानी की टंकी पर एक अतिरिक्त मोटर स्टैंडबाय मोड पर रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य यह है कि यदि मुख्य मोटर में कोई तकनीकी खराबी आती है, तो तत्काल प्रभाव से दूसरी मोटर चालू कर टेकरी मार्ग पर पानी की सप्लाई को निर्बाध रूप से सुचारु बनाया जा सके। पेयजल प्रकोष्ठ के कर्मचारियों को जल वितरण व्यवस्था की निरंतर निगरानी करने के लिए पाबंद किया गया है। निरीक्षण के दौरान नपाध्यक्ष के साथ वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व पार्षद अरविंद गुप्ता, सहायक यंत्री शैलेंद्र अवास्या और टेकरी मंदिर समिति के पदाधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। समिति के अध्यक्ष नारायण अग्रवाल, कोषाध्यक्ष गुलशन जुनेजा, आलोक नायक, राजेश अग्रवाल और चिरोंजी लाल प्रजापति ने भी तैयारियों को लेकर अपने सुझाव साझा किए। प्रशासनिक अमले से उपयंत्री नितिन चंदेल, विद्युत शाखा प्रभारी नरेंद्र नोनेरिया, शकील खान, बृजमोहन खरे और जल प्रकोष्ठ से रामनारायण सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।