अभिभावकों को दी गई डाउन सिंड्रोम बच्चों की देखभाल की जानकारी
अकेलेपन के खिलाफ एकजुट विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
अनंत न्यूज़ @गुना। विश्वव्यापी डाउन सिंड्रोम दिवस के अवसर पर अकेलेपन के खिलाफ एकजुट विषय पर मन समिति, जिला लोकल लेवल कमिटी द्वारा मन स्पेशल स्कूल, गुना में एक अभिभावक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गुना जिले के डाउन सिंड्रोम बच्चों के अभिभावकों को आमंत्रित किया गया, जहां उन्हें बच्चों में आने वाली कठिनाइयों के बारे में अवगत कराया गया तथा उनकी बेहतर देखभाल के लिए आवश्यक सुझाव दिए गए। साथ ही यह बताया गया कि विशेष शिक्षा के अतिरिक्त बच्चे पढ़ाई-लिखाई, खेलकूद, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों में भी निपुण हो सकते हैं।
कार्यक्रम में मन स्पेशल स्कूल की प्राचार्य निवेदिता सिंह भाटी ने विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं जैसे आर्ट एंड क्राफ्ट, वोकेशनल प्रशिक्षण, खेलकूद गतिविधियां एवं कौशल विकास कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से बताया।
कार्यक्रम के अंत में संस्था राष्ट्रीय न्यास, भारत सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई, जिसमें निरामया हेल्थ इंश्योरेंस योजना 1,00,000 तक उपचार कवर एवं लीगल गार्जियनशिप सर्टिफिकेट 18 वर्ष से अधिक आयु के बच्चों हेतु प्रमुख रूप से शामिल हैं। इस अवसर पर मन स्पेशल स्कूल एवं मन कॉलेज का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम को अभिभावकों द्वारा अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया गया।