गुना में जमकर मना मुनिश्री के आगमन का उत्सव
13 साल बाद गुना में मुनि पुंगव सुधासागर जी महाराज का मंगल प्रवेश, पलक-पावड़े बिछाकर हुआ भव्य स्वागत
गुना। अनंत न्यूज़
शहर के इतिहास में बुधवार का दिन एक सुनहरे अध्याय के रूप में दर्ज हो गया। जैन समाज के आराध्य मुनि पुंगव श्री सुधासागर जी महाराज ने पूरे 13 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर गुना की धरा पर मंगल प्रवेश किया है। महाराजश्री की अगवानी के लिए पूरा शहर दुल्हन की तरह सजाया गया था और सुबह से ही श्रद्धालुओं में अभूतपूर्व उत्साह देखा गया।
बुधवार की सुबह जैसे ही सूरज की किरणों ने शहर में दस्तक दी, वैसे ही महाराजश्री की अगवानी का शंखनाद हो गया। जैसे-जैसे मुनिश्री गुना शहर की सीमा में प्रवेश करते गए, श्रद्धालुओं की खुशी और श्रद्धा का ठिकाना नहीं रहा। ढोल-नगाड़ों की थाप, गगनभेदी जयकारों और भजनों की धुन पर झूमते-नाचते भक्तों का हुजूम महाराजश्री के साथ चल रहा था। मुनिश्री की इस भव्य अगवानी में जैन समाज के देश-प्रदेश से आए श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों, राजनेताओं और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने हिस्सा लिया। कैंट से विहार शुरू कर महाराजश्री हीरा बाग, हनुमान चौराहा, तेलघानी चौराहा, हाट रोड, निचला बाजार, सदर बाजार और जयस्तंभ चौराहा होते हुए बजरंगगढ़ रोड स्थित नसियाजी पहुंचे। हनुमान चौराहे पर उत्साह का माहौल तब और खास हो गया जब तीन जेसीबी मशीनों से महाराजश्री पर भव्य पुष्पवर्षा की गई। मुनिश्री की एक झलक पाने के लिए हर कोई आतुर नजर आया। सुरक्षा और व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम पूरे मार्ग पर मुस्तैद रही। यह मंगल प्रवेश केवल एक समाज तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने शहर में कौमी एकता की एक खूबसूरत मिसाल भी पेश की। चांदशाहवली कमेटी के सदस्यों ने पूरे आदर और उत्साह के साथ मुनि श्री सुधासागर जी महाराज का आत्मीय स्वागत व अभिनंदन किया। बता दें कि गुना में आगामी 17 जून से 22 जून तक पांच जिनालयों के श्री 1008 मज्जिनेंद्र जिनविम्ब पंचकल्याणक महोत्सव का भव्य आयोजन होने जा रहा है। यह सभी धार्मिक अनुष्ठान और कार्यक्रम पूज्य महाराजश्री के पावन सानिध्य और मंगल आशीर्वाद के बीच संपन्न होंगे।