चाचौड़ा में ताश के पत्तों पर दांव लगाते चार जुआरी दबोचे
खाकी के खौफ से कांपे अनैतिक धंधेबाज
गुना। अनंत न्यूज़
जिले में अनैतिक गतिविधियों और जुआ-सट्टा माफियाओं के खिलाफ पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के नेतृत्व में शुरू हुआ 'सफाई अभियान' अब पूरी आक्रामकता के साथ आगे बढ़ रहा है। इसी कड़ी में चाचौड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम टोड़ी की पठार पर चल रहे जुए के फड़ को नेस्तनाबूद कर दिया है। पुलिस की इस दबिश ने क्षेत्र के असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा दिया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर और एसडीओपी चाचौड़ा मनोज कुमार झा के मार्गदर्शन में चाचौड़ा थाना प्रभारी नीरज राणा ने जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ने के लिए जाल बिछाया था। जैसे ही मुखबिर से टोड़ी की पठार पर जुआ खेले जाने की पक्की खबर मिली, बीनागंज चौकी प्रभारी अजयप्रताप सिंह ने बिना समय गंवाए अपनी टीम के साथ धावा बोल दिया। पुलिस की तत्परता का आलम यह था कि जुआरियों को भागने तक का मौका नहीं मिला। मौके से चार आरोपियों को ताश के पत्तों पर हार-जीत की बाजी लगाते हुए गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हेमराज अहिरवार (32), देवेन्द्र अहिरवार (39), अर्जुन अहिरवार (23) और दिलीप मीना (30) (सभी निवासी ग्राम टोड़ी) के रूप में हुई है। पुलिस ने फड़ से 3,800 रुपये नकद और ताश की गड्डी विधिवत जब्त की है।