नानाखेड़ी मंडी और उमरी रोड पर भीषण जाम, एंबुलेंस भी फंसी
आए दिन लगने वाले जाम से वाहन चालक, दुकानदार और आमजन परेशान
गुना। अनंत न्यूज़
शहर के नानाखेड़ी मंडी क्षेत्र और उमरी रोड पर मंगलवार सुबह एक बार फिर लंबा जाम लग गया। जाम में सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन घंटों फंसे रहे। सबसे गंभीर बात यह रही कि दो एंबुलेंस भी लंबे समय तक यातायात में फंसी रहीं, जिससे लोगों में नाराजगी देखी गई।
स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों के अनुसार यह समस्या अब रोजमर्रा की बन चुकी है। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। लोगों का कहना है कि थोक सब्जी मंडी के चलते सुबह के समय यहां यातायात व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ जाती है।
सड़क पर खड़े वाहनों से बिगड़ रही व्यवस्था
नानाखेड़ी मंडी क्षेत्र में मुख्य सड़क किनारे खड़े लोडिंग वाहन, ठेले और अन्य छोटे-बड़े वाहन जाम का प्रमुख कारण बन रहे हैं। सड़क के दोनों ओर अव्यवस्थित पार्किंग के चलते आवागमन के लिए बेहद कम जगह बचती है। इसी मार्ग से ट्रक, ट्रैक्टर-ट्रॉली, लोडिंग वाहन और उमरी रूट की बसों का लगातार आवागमन होने से स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है।
मरीज लेने जा रही एंबुलेंस भी फंसी
मंगलवार सुबह लगे जाम में एक एंबुलेंस ग्रामीण क्षेत्र में मरीज को लेने जा रही थी, लेकिन उसे काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ा। वहीं दूसरी एंबुलेंस ग्रामीण क्षेत्र से लौट रही थी, जो भी लंबे समय तक यातायात में अटकी रही। भीषण गर्मी के बीच बसों, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य वाहनों में बैठे लोग परेशान होते रहे।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मंडी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुधारने, अवैध पार्किंग हटाने और अलग पार्किंग व्यवस्था बनाने के लिए जल्द प्रभावी कदम उठाए जाएं।