“ऑपरेशन दहन” के तहत ललितपुर पुलिस ने नष्ट किए 1.10 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ
212 किलो से अधिक गांजा, चरस और नशीला पाउडर किया गया निस्तारित
ललितपुर।अनंत न्यूज़
उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन दहन” के तहत ललितपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ 10 लाख रुपये मूल्य के मादक पदार्थों का नियमानुसार निस्तारण कराया।
यह अभियान पुलिस कप्तान मो0 मुश्ताक के निर्देशन में चलाया गया। पुलिस कप्तान द्वारा जनपद के विभिन्न थानों में जब्त मादक पदार्थों के निस्तारण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे। इसके बाद न्यायालय से अनुमति प्राप्त कर जनपद स्तरीय गठित समिति की उपस्थिति में कार्रवाई अमल में लाई गई।
12 मई 2026 को चलाए गए इस अभियान के दौरान कोतवाली ललितपुर, थाना नाराहट, थाना पूराकलां, थाना मड़ावरा एवं थाना पाली में दर्ज विभिन्न मामलों से संबंधित कुल 212.100 किलोग्राम मादक पदार्थों का निस्तारण किया गया। यह कार्रवाई मेमर्स मेडिकल पोल्यूशन कंट्रोल कमेटी, बिजौली स्थित केंद्र में समिति की निगरानी में संपन्न हुई।
नष्ट किए गए मादक पदार्थ
- 211.250 किलोग्राम गांजा
- 200 ग्राम चरस
- 650 ग्राम नशीला पाउडर
पुलिस के अनुसार नष्ट किए गए मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 10 लाख रुपये आंकी गई है।
ललितपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।