ललितपुर में भीषण गर्मी का कहर, अगले कुछ दिन लू के आसार
ललितपुर।अनंत न्यूज़
जिले में इन दिनों भीषण गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार ललितपुर सहित बुंदेलखंड क्षेत्र में तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
मौसम विभाग ने आगामी दिनों में हीटवेव यानी लू चलने की संभावना जताई है। दिन के समय तेज गर्म हवाएं चल सकती हैं, वहीं रात के तापमान में भी ज्यादा राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
ललितपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान करीब 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री रहने का अनुमान है। अगले चार से पांच दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा और बारिश की संभावना बेहद कम है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक घरों से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप में निकलते समय सिर ढकने की सलाह दी है। प्रशासन ने भी लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।