फर्जी डॉक्टर बनकर नौकरी करने वाली 25 हजार की इनामिया महिला गिरफ्तार

रिश्तेदारों की मेडिकल डिग्रियों से तैयार किए फर्जी दस्तावेज, कई अस्पतालों में की नौकरी

फर्जी डॉक्टर बनकर नौकरी करने वाली 25 हजार की इनामिया महिला गिरफ्तार
पुलिस गिरफ्त में आरोपी महिला

ललितपुर। अनंत न्यूज़

जनपद ललितपुर में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर डॉक्टर बनकर नौकरी करने के चर्चित मामले में कोतवाली पुलिस ने 25 हजार रुपये की इनामिया महिला अभियुक्ता लवीना सिंह उर्फ दीपाली गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस कप्तान मो. मुश्ताक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह एवं सीओ सदर सुनील कुमार भारद्वाज के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।

पति के साथ मिलकर किया फर्जीवाड़ा

पुलिस के अनुसार अभियुक्ता ने अपने पति अभिनव सिंह के साथ मिलकर रिश्तेदारों की मेडिकल डिग्रियों और शैक्षणिक दस्तावेजों में कूटरचना कर फर्जी तरीके से डॉक्टर की नौकरी हासिल की थी। दोनों ने कई अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सक बनकर काम किया और आर्थिक लाभ अर्जित किया।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अमेरिका में रहने वाले रिश्तेदार डॉक्टरों की एमबीबीएस और एमडी डिग्रियों का इस्तेमाल कर नकली दस्तावेज तैयार किए। इन्हीं फर्जी दस्तावेजों के आधार पर फरीदाबाद, बीना और ललितपुर समेत कई स्थानों पर नौकरी की गई।

पूछताछ में किया खुलासा

पुलिस पूछताछ में लवीना सिंह ने आर्थिक तंगी और पति पर दर्ज भ्रष्टाचार के मुकदमे के बाद फर्जी दस्तावेज तैयार कर डॉक्टर बनकर नौकरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने इस दौरान बड़ी धनराशि अर्जित कर जमीन, मकान और लग्जरी वाहन खरीदे।

पति पहले ही जा चुका है जेल

इस प्रकरण में अभियुक्त अभिनव सिंह को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब फरार चल रही लवीना सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी, निरीक्षक नरेन्द्र सिंह सहित कोतवाली पुलिस टीम शामिल रही।