पीएम आवास कॉलोनी की बाउंड्री वॉल तोड़कर अवैध कब्जे का प्रयास

नपा अध्यक्ष और सीएमओ ने दर्ज कराई शिकायत

पीएम आवास कॉलोनी की बाउंड्री वॉल तोड़कर अवैध कब्जे का प्रयास
थाना प्रभारी को आवेदन देतीं नपाध्यक्ष, सीएमओ।

अनंत न्यूज़ @गुना। जगनपुर स्थित प्रधानमंत्री आवास कॉलोनी में भू-माफियाओं और अज्ञात तत्वों द्वारा अवैध अतिक्रमण की कोशिश का मामला सामने आया है। अज्ञात व्यक्तियों द्वारा कॉलोनी की बाउंड्री वॉल को क्षतिग्रस्त कर निर्माण कार्य शुरू किए जाने पर नगरपालिका प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इस संबंध में नगरपालिका अध्यक्ष और प्रभारी सीएमओ ने संयुक्त रूप से केंट थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।

नगरपालिका द्वारा केंट टीआई अनूप भार्गव को दिए गए आवेदन में बताया गया है कि जगनपुर स्थित पीएम आवास कॉलोनी के पूर्व दिशा में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा बिना किसी अनुमति के बाउंड्री लाइन डालकर निर्माण का प्रयास किया जा रहा था। तीन दिन पहले नगरपालिका की टीम ने मौके पर पहुँचकर इन्हें मौखिक रूप से काम रोकने की चेतावनी दी थी। इसके बावजूद 29 मार्च को अज्ञात लोगों ने दुस्साहस दिखाते हुए कॉलोनी की सरकारी बाउंड्री वॉल को तोड़ दिया और वहां अवैध खुदाई शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगरपालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता और प्रभारी सीएमओ मंजूषा खत्री ने केंट थाने पहुँचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। नगरपालिका प्रशासन का दावा है कि कॉलोनी की सीमा के भीतर जबरन कब्जा करने की कोशिश की जा रही है, जो पूरी तरह अवैध है। आवेदन में मांग की गई है कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने और अवैध अतिक्रमण की कोशिश करने वाले अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाए। सरकारी जमीन पर इस तरह के खुलेआम अतिक्रमण के प्रयास से क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। पुलिस ने आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। नगरपालिका ने स्पष्ट किया है कि शासकीय आवास योजना की जमीन पर किसी भी तरह का अवैध हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।