पीएम आवास परिसर में चोरों और असामाजिक तत्वों का आतंक

कलेक्ट्रेट पहुंचे परेशान रहवासी, पुलिस चौकी खोलने की मांग

पीएम आवास परिसर में चोरों और असामाजिक तत्वों का आतंक

गुना।अनंत न्यूज़

जगनपुर स्थित प्रधानमंत्री (पीएम) आवास परिसर में इन दिनों सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। परिसर से लगातार हो रही मोटरसाइकिल और अन्य वाहनों की चोरी तथा असामाजिक तत्वों के बढ़ते जमावड़े से परेशान होकर मंगलवार को भारी संख्या में रहवासी कलेक्ट्रेट पहुंचे। पीड़ित नागरिकों ने जिला प्रशासन के खिलाफ तीखा आक्रोश व्यक्त करते हुए कलेक्टर को एक शिकायती आवेदन सौंपा और क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की गुहार लगाई।

जनसुनवाई में पहुंचे रहवासियों ने सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि जिला प्रशासन ने उन्हें पीएम आवास परिसर में बसा तो दिया है, लेकिन उनकी बुनियादी सुविधाओं और सबसे जरूरी सुरक्षा का बिल्कुल भी ध्यान नहीं रखा जा रहा है। हाल ही में परिसर से राकेश रघुवंशी नामक रहवासी की मोटरसाइकिल चोरी हो चुकी है, जिसके बाद से लोगों में अपने वाहनों को लेकर डर का माहौल है। परिसर के नागरिकों ने बताया कि मुख्य मार्ग और आवास के आसपास दिन-रात असामाजिक तत्वों और शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। इतना ही नहीं, तेज रफ्तार बाइक सवार युवक यहाँ सरेआम स्टंटबाजी करते हैं, जिससे राहगीरों और बच्चों की जान को हमेशा खतरा बना रहता है। रहवासियों ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि असामाजिक तत्वों के कारण परिसर में रहने वाली महिलाओं और राह चलती बालिकाओं के साथ भी छेड़छाड़ की घटनाएं हो रही हैं, जिससे उनका घर से निकलना दूभर हो गया है।

150 परिवारों की सुरक्षा दांव पर, पुलिस चौकी ही है स्थायी समाधान

वर्तमान में जगनपुर पीएम आवास परिसर में लगभग 150 परिवार निवास कर रहे हैं, जिनकी सुरक्षा पूरी तरह भगवान भरोसे है। पूर्व में भी यहाँ चोरी और मारपीट की कई वारदातें हो चुकी हैं। कलेक्ट्रेट पहुंचे रहवासियों का साफ कहना है कि इस गंभीर समस्या का एकमात्र और स्थायी समाधान क्षेत्र में एक नई 'पुलिस चौकी' की स्थापना करना ही है। जब तक यहाँ नियमित पुलिस का पहरा या चौकी नहीं होगी, तब तक अपराधियों के हौसले बुलंद रहेंगे। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थानीय पुलिस को गश्त बढ़ाने और उचित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।