सरकार की नीति की भेंट चढ़ेगी गुना की ऐतिहासिक नवीन पाठशाला!
सरकारी स्कूल बंद करने के विरोध में डीएसओ का बड़ा प्रदर्शन
गुना। अनंत न्यूज़
मध्य प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश भर में सरकारी स्कूलों को बंद किए जाने की नीति के खिलाफ छात्र संगठन डीएसओ की स्कूल बचाओ संघर्ष समिति ने सड़क पर उतरकर मोर्चा खोल दिया है। समिति ने दावा किया है कि शिक्षा नीति के तहत गुना की ऐतिहासिक धरोहर और सैकड़ों बच्चों के भविष्य से जुड़ी नवीन पाठशाला को भी बंद करने की तैयारी की जा रही है, जिसका छात्र-छात्राओं और नागरिक समाज में भारी आक्रोश है। इसी के विरोध में कार्यकर्ताओं ने नगरपालिका के सामने मानव श्रृंखला बनाई और हनुमान चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन कर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शनकारियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब से केंद्र सरकार द्वारा नई शिक्षा नीति लागू की गई है, तब से नियमों की आड़ लेकर स्कूलों को बंद करने का खेल चल रहा है। इसके तहत मध्य प्रदेश सरकार ने प्रदेश के लगभग 90 हजार और अकेले गुना जिले के 300 स्कूलों को बंद करने की योजना बनाई है। हैरानी की बात यह है कि जिन स्कूलों में छात्र-छात्राओं की संख्या अच्छी-खासी है, उन्हें भी दुर्भावनापूर्ण तरीके से निशाना बनाया जा रहा है। गुना की ऐतिहासिक नवीन पाठशाला के साथ-साथ बमोरी विधानसभा का मॉडल स्कूल भी इसी नीति की भेंट चढ़ाया जा रहा है। छात्रों का कहना है कि सरकार को शिक्षा व्यवस्था और बेहतर करनी चाहिए थी, न कि चलते हुए ऐतिहासिक स्कूलों पर ताले लगाने चाहिए। आंदोलन के दौरान छात्रों ने गुना के तात्या टोपे विश्वविद्यालय की प्रशासनिक कमियों और अव्यवस्थाओं को भी प्रमुखता से उजागर किया। इसके साथ ही प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राओं ने हाल ही में हुए नीट पेपर लीक सहित तमाम प्रतियोगी व शैक्षणिक परीक्षाओं में आ रही अनियमितताओं का मुद्दा भी पुरजोर तरीके से उठाया। छात्रों ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक और घोटालों के कारण युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है। संघर्ष समिति ने चेतावनी दी है कि यदि ऐतिहासिक नवीन पाठशाला सहित अन्य स्कूलों को बंद करने का फैसला वापस नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।