अमानक पॉलीथिन ले जा रहे पिकअप चालक पर जुर्माना

मालिक ने फोन पर मना कर दिया-मेरी पॉलीथिन ही नहीं है

अमानक पॉलीथिन ले जा रहे पिकअप चालक पर जुर्माना
कार्रवाई करते नगरपालिका के अधिकारी

गुना। अनंत न्यूज़

नगरपालिका द्वारा शहर में प्रतिबंधित अमानक पॉलिथीन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में स्वच्छता निरीक्षक विवेक श्रीवास्तव और उनकी टीम ने सिंधिया पार्क के सामने हाट रोड गल्ला मंडी में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।

दरअसल, पुराना गल्ला मंडी क्षेत्र से म्याना की ओर सामान लेकर जाने वाली एक पिकअप वाहन में लोड की जा रही तीन कट्टे प्रतिबंधित अमानक पॉलिथीन जब्त की गई है। इस पॉलिथीन का वजन लगभग 75 से 90 किलोग्राम है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 18 हजार रुपए बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान जब पिकअप ड्राइवर ने संबंधित बेसन व्यापारी को फोन लगाया, तो व्यापारी ने उक्त अमानक पॉलिथीन अपनी होने से साफ इनकार कर दिया। व्यापारी द्वारा माल स्वीकार न करने पर नपा टीम ने पिकअप ड्राइवर पर ही चालानी कार्रवाई करते हुए एक हजार रुपए का अर्थदंड लगा दिया। इसके साथ ही स्वच्छता निरीक्षक द्वारा ड्राइवर को कड़ी चेतावनी दी गई कि यदि भविष्य में दोबारा प्रतिबंधित अमानक पॉलिथीन का परिवहन करते पाए गए, तो 5 हजार रुपए का जुर्माना वसूल किया जाएगा। इस पूरी कार्रवाई के दौरान डिफेंस जादौन सहित नगर पालिका की स्वच्छता टीम उपस्थित रही।