मातृशक्ति ने दिए भव्य रथयात्रा आयोजन के सुझाव, तैयारियों को लेकर हुई विशेष बैठक

19 जुलाई को गुना में निकलेगी भगवान जगन्नाथ की तृतीय भव्य रथयात्रा, सेवा और प्रचार-प्रसार में बढ़-चढ़कर भागीदारी का लिया संकल्प

मातृशक्ति ने दिए भव्य रथयात्रा आयोजन के सुझाव, तैयारियों को लेकर हुई विशेष बैठक

गुना। अनंत न्यूज़

आगामी 19 जुलाई को आयोजित होने वाली भगवान श्री जगन्नाथ की तृतीय भव्य रथयात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को इस्कॉन गुना द्वारा मातृशक्ति की एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें रथयात्रा महोत्सव को भव्य, सुव्यवस्थित और जन-जन तक पहुंचाने के लिए महत्वपूर्ण सुझावों पर चर्चा की गई।

बैठक  ऋषभानन्द प्रभु,  कृष्णार्पित प्रभु एवं  नित्यानन्द प्रभु के मार्गदर्शन और अध्यक्षता में संपन्न हुई। इसमें नगर की विभिन्न माताओं एवं महिला भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बैठक के दौरान रथयात्रा के प्रचार-प्रसार, सेवा कार्यों, प्रसाद वितरण, स्वागत व्यवस्था और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

मातृशक्ति ने सुझाव दिया कि अधिक से अधिक लोगों को भगवान जगन्नाथ के दर्शन और रथयात्रा महोत्सव से जोड़ने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाए। साथ ही आयोजन की विभिन्न सेवाओं में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प भी लिया गया।

बैठक में उपस्थित महिलाओं ने विश्वास व्यक्त किया कि भगवान जगन्नाथ की कृपा से इस वर्ष की रथयात्रा पूर्व वर्षों की अपेक्षा अधिक भव्य, दिव्य और ऐतिहासिक होगी। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

उल्लेखनीय है कि इस्कॉन गुना द्वारा भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव जी एवं सुभद्रा महारानी की तृतीय भव्य रथयात्रा 19 जुलाई को गुना नगर में निकाली जाएगी। इस धार्मिक महोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

आयोजकों ने नगरवासियों से अपील की है कि वे अपने परिवार और मित्रों के साथ रथयात्रा में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करें तथा भक्ति, आनंद और आध्यात्मिक उत्सव के इस दिव्य आयोजन का हिस्सा बनें।