आधी रात को घर के बाहर खड़ी बुलेट लेकर भागे चोर
सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश, नई सड़क क्षेत्र की वारदात
गुना।अनंत न्यूज़
शहर के नई सड़क क्षेत्र में दो बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल चोरी की और रफूचक्कर हो गए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित ने शहर कोतवाली पुलिस को आवेदन देकर बदमाशों को पकड़ने की गुहार लगाई है।
जानकारी के मुताबिक नई सड़क इलाके में दुर्गा टॉकीज के पास रहने वाले सर्वेश दुबे ने 9 जुलाई की शाम 6 बजे अपनी काले-सुनहरे रंग की बुलेट मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 08 जेडडी 0153 लॉक लगाकर घर के बाहर खड़ी कर दी थी। जिसे बारिश से बचाने के लिए बकायदा कवर चढ़ा दिया गया था। घर के बाहर खड़ी यह मोटरसाइकिल सुबह जब नहीं दिखी तो उनके होश फाख्ता हो गए। सीसीटीवी कैमरे खंगालने पर नजर आया कि दो बदमाश रात लगभग 12 बजे के बाद गली में दाखिल हुए और मोटरसाइकिल का लॉक तोड़कर फरार हो गए। दोनों बदमाशों ने मास्क लगाकर अपना चेहरा भी ढंक रखा था। सर्वेश दुबे ने पुलिस को वारदात से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराए हैं।