जनसुनवाई में खाली सिलेंडर लेकर पहुंचा उपभोक्ता

गैस की किल्लत और कालाबाजारी को लेकर जताया आक्रोश

जनसुनवाई में खाली सिलेंडर लेकर पहुंचा उपभोक्ता
सिलेंडर के साथ जनसुनवाई में पंहुचा युवक।

अनंत न्यूज़ @गुना। शहर में रसोई गैस की भारी किल्लत से परेशान आम उपभोक्ताओं का धैर्य अब जवाब देने लगा है। मंगलवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित जनसुनवाई में एक अनोखा नजारा देखने को मिला, जब हनुमान कॉलोनी निवासी उपभोक्ता दिनेश कुमार यादव हाथ में खाली गैस सिलेंडर लेकर कलेक्टर के समक्ष गुहार लगाने पहुंच गए। पीड़ित उपभोक्ता ने गैस एजेंसियों पर सिलेंडर की कालाबाजारी करने और आम जनता को परेशान करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

दिनेश यादव ने बताया कि उन्होंने करीब 8 दिन पहले गैस रिफिल के लिए बुकिंग कराई थी, जिसका डीएसी कोड भी उनके मोबाइल पर आ चुका है। इसके बावजूद जब वे सिलेंडर लेने एजेंसी पहुंचे, तो उन्हें 5 दिन बाद आने की बात कहकर टाल दिया गया। जनसुनवाई में अपना दुखड़ा सुनाते हुए उपभोक्ता ने तीखे शब्दों में कहा कि यदि समय पर रसोई गैस मुहैया नहीं कराई गई, तो क्या आम आदमी मजबूरी में पेड़ काटकर अपना भोजन पकाएं? उन्होंने प्रशासन के सामने सवाल उठाया कि यदि गैस की कमी है, तो शहर के होटलों और रेस्टोरेंटों पर आसानी से सिलेंडर कैसे पहुंच रहे हैं, जबकि घरेलू उपभोक्ता हफ्तों से इंतजार कर रहा है। उपभोक्ता के इस आक्रोश और परेशानी को देखते हुए कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने संबंधित विभाग और गैस एजेंसी को तत्काल निर्देश दिए हैं कि पीड़ित उपभोक्ता को नियमानुसार गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए। बताया जा रहा है कि इसके बाद अधिकारियों ने कलेक्ट्रेट में ही सिलेंडर मंगाकर दिनेश यादव को सौंपा है। इस घटना ने एक बार फिर शहर में घरेलू गैस वितरण व्यवस्था की पोल खोल दी है, जिससे आम नागरिक खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं।