एनएफएल इंजीनियर और मंगेतर से बर्बरता करने वालों की जमीन पर चला बुलडोजर
गुना।दयालवाणी
नेशनल हाईवे पर गादेर के पास जंगल में एनएफएल इंजीनियर और उनकी मंगेतर के साथ बर्बरता व सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास करने वाले आरोपियों पर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस द्वारा 24 घंटे के भीतर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने के बाद, प्रशासन व वन विभाग की संयुक्त टीम ने बोरखेड़ा गांव पहुंचकर आरोपियों द्वारा शासकीय वन भूमि पर किए गए अवैध निमार्णों को जेसीबी चलाकर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया है।
बता दें कि 30 जुलाई की रात हनुमान टेकरी दर्शन कर लौट रहे एनएफएल के 29 वर्षीय इंजीनियर और उनकी मंगेतर को बदमाशों ने रिलायंस पेट्रोल पंप के पास रोककर जंगल में ले जाकर मारपीट की, लूटपाट की और दुष्कर्म का प्रयास किया था। गश्त पर मौजूद डायल 112 की तत्परता से बड़ी वारदात टल गई थी। मामले में धरनावदा थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी बबलू बंजारा, छोटू बंजारा, सरदार बंजारा, महेंद्र बंजारा और दिनेश बंजारा को गिरफ्तार किया कर दिया था। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने स्पष्ट किया कि जघन्य अपराधों में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। वन विभाग की जमीन पर किए गए अवैध कब्जों को चिन्हित कर तत्काल हटा दिया गया है और अपराधियों के खिलाफ आर्थिक व कानूनी मार जारी रहेगी।
ऐसे हुई कार्रवाई
वनमंडल अधिकारी अक्षय राठौड़ एवं उपवन मंडल अधिकारी नीरज निश्चल के निर्देशन में वन परिक्षेत्र गुना दक्षिण की बीट गादेर-बी के कक्ष क्रमांक आरएफ-176 अंतर्गत ग्राम बोरखेड़ा चक्क बंजारा बस्ती में बंजारा समुदाय के अतिक्रमणकारियों द्वारा वन भूमि पर अवैध निर्माण का प्रयास किया जा रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही वन अमले ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। वन विभाग की टीम ने वन भूमि पर किए जा रहे अवैध निर्माण के प्रयास को हटाते हुए करीब 1.000 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। साथ ही दोबारा अतिक्रमण रोकने के उद्देश्य से संबंधित क्षेत्र में कंटूर ट्रेंच खुदवाकर अतिक्रमण रोधी कार्रवाई भी की गई। कार्रवाई में सब रेंज गादेर के डिप्टी रेंजर दुर्गेन्द्र सिंह जाट, पटवारी प्रमोद कुमार शर्मा, बीट गार्ड मानवेंद्र सिंह, राजकूपर और अन्य स्टॉफ मौजूद रहा।